रांची
झारखंड सरकार अपने घोषित कार्यक्रमों में रोजगार को प्राथमिकता दे रही है। 31 अक्टूबर को ही सीएम हेमंत ने 5 हजार से अधिक युवाओं को पलामू में नियुक्ति पत्र सौंपा है। इसी कड़ी में अब 7 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन राजधानी रांची में होने जा रहा है। इसमें 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा। नौकरी देने के लिए निजी क्षेत्र की 19 कंपनियां रोजगार मेला में आ रही हैं। यह कार्यक्रम झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग की ओऱ से किया जा रहा है। पूरे राज्य से युवा इसमें भाग लेंगे, जिनकी नियुक्ति साक्षात्कार लेकर की जायेगी। निजी कंपनियों के लिए झारखंड सरकार की बनायी गयी नियुक्ति नियमावली के तरत रोजगार मेले में युवा स्थानीय कोटे से नौकरी पा सकेंगे। इसके लिए साक्षात्कार के समय अंचल अधिकारी स्तर का आवासीय प्रमाण पत्र लाना जरूरी किया गया है। मेले का आयोजन एंप्लायमेंट एक्सचेंज, रांची में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। प्रतिभागियों से कहा गया है कि मेले में आने से पहले वे नियोजन कार्यालाय में निबंधन करा लें। इसके साथ नौकरी के लिए सभी प्रमाण पत्रों की मूल कॉपी लेकर आने के लिए कहा गया है।

सबसे अधिक नौकरी देगी ये कंपनी
मिली जानकारी के मुताबिक रोजगार मेला में देश की मशहूर कंपनी कंसेट्रिक्स सर्विस इंडिया प्रा लिमिटेड भी भाग ले रही है। खबर है कि ये कंपनी सबसे अधिक नौकरियां देने वाली है। कंपनी ने कहा है कि वो सुपरवाइजर के 551 पदों पर युवा वर्ग की बहाली करेगी। इसी के साथ भारती एयरटेल कस्टरम रिलेशनशिप के लिए 78 पदों पर बहाली करने वाली है। कंपनी फील्ड एक्जीक्यूटीव के लिए 59 पदों पर बहाली करेगी। इसी तरह इनोवेटिव प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी 80 डिलिवेरी पार्टनर के लिए नियुक्तियां करेगी। इनके अलावा रोजगार मेला में जिन फील्ड की नौकरियां मिलेंगी वे हैं, जीएनएम, इलेक्ट्रिशियन, अकाउंटेंट और नर्सिंग स्टाफ आदि।

इन 19 कंपनियों को किया गया है आमंत्रित
मेसर्स कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्यूरिटी फोर्स हजारीबाग, द वेक्सपॉल इंडस्ट्रीज एचबी रोड टाटीसिल्वे, द वैक्सपॉल इंडस्ट्रीज लिमिटेड पुरुलिया रोड रांची, भारती एयरटेल, कसेंट्रिक्स दक्ष सर्विस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कांके रोड, इनोवेटिव कंसेप्ट प्राइवेट लिमिटेड बंगलुरू, रेक्सा सिक्यूरिटी सर्विस लिमिटेड, एसएनएल बियरिंग लिमिटेड, आरपीएस हॉस्पिटल, भगवान महावीर मेडिका सुपर स्पेशियलिटी, पासा रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड, सिंघानिया मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, सिंघानिया फ्यूचर प्राइवेट लिमिटेड, सिंघानिया वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड, ऑटोबाइक्स मेन रोड रांची, एसजीआरएस एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड, सीडेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा, मेसर्स एसएए विष्णु बेकर्स प्राइवेट लिमिटेड।
